Thursday, October 22nd, 2026

3 पुलिसकर्मियों का हत्यारा नक्सली गुलाब मल्लाह 20 साल बाद गिरफ्तार

भभुआ                                                      
कैमूर पहाड़ी पर बारुदी सुरंग विस्फोट कर पुलिस वाहन उड़ाकर तीन पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने व 13 पुलिस राइफल व गोली लूटने के मामले में 20 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली गुलाब मल्लाह जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पतलोइयां गांव गांव का निवासी है। फिलहाल उसने अपना ठिकाना मोहनियां शहर के मल्लाह टोली में बना रखा था।

पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली गुलाब मल्लाह के खिलाफ 26 दिसंबर 2001 को जिले के अधौरा थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में हवलदार ललनजी राम के फर्दबयान पर अज्ञात करीब 100-150 नक्सलियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। दर्ज मुकदमा में कहा गया है कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स वार ग्रुप (पीडब्ल्यूजी) के नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए अधौरा थाना के गड़के में पुलिस पिकेट स्थापित है। वहां के गार्ड को ड्यूटी बदली करने के लिए डीसीएम गाड़ी से हवलदार एवं सिपाही जा रहे थे। 

केस में यह भी लिखा गया है कि नक्सलियों ने डीसीएम पुलिस गाड़ी को बारुदी सुरंग विस्फोट कर उड़ा दिया और फार्यंरग करते हुए एक हवलदार एवं दो सिपाहियों की हत्या कर अन्य जवानों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। इसमें बाद थ्री नॉट थ्री की 13 पुलिस राइफल, चार बायनेट, गोली आदि लूट लिए। 

एसपी ने बताया कि उक्त मामले में 20 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली गुलाब को गुप्त सूचना पर एएसपी नीतीन कुमार के नेतृत्व में अधौरा थाना के सब इंस्पेक्टर आमोद कुमार के साथ गई पुलिस टीम ने जिले के मोहनियां बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली के अन्य आपराधिक इतिहास का पुलिस पता कर रही है।

 

#गिरफ्तार

Source : Agency

पाठको की राय